BIG BREAKING: जीरन पुलिस का बड़ा एक्शन! वेफर्स के नीचे 'काला कारोबार',टाटा टेंपो सहित चित्तौड़गढ़ का तस्कर गिरफ्तार,क्या है मामला पढ़े ये खबर

BIG BREAKING: जीरन पुलिस का बड़ा एक्शन! वेफर्स के नीचे 'काला कारोबार',टाटा टेंपो सहित चित्तौड़गढ़ का तस्कर गिरफ्तार,क्या है मामला पढ़े ये खबर

​नीमच। प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीरन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महू-नीमच हाईवे पर बालाजी वेफर्स लिखे एक टाटा टेंपो से 39 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर राजस्थान निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

​यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं सीएसपी सुश्री किरन चौहान के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में सउनि के. एल. परिहार व हमराही पुलिस टीम ने हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टाटा टेंपो (क्रमांक RJ 06 GD 6772) को रोका। वाहन पर 'बालाजी वेफर्स' लिखा हुआ था।

कुरकुरे के पैकेटों के नीचे छुपा रखे थे तीन कट्टे-

पुलिस टीम ने जब टेंपो की पिछली पैक बॉडी की तलाशी ली, तो उसमें कुरकुरे और वेफर्स के पैकेट भरे मिले। पैकेटों को हटाने पर उनके नीचे छिपाकर रखे 3 सफेद रंग के प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। जांच करने पर कट्टों में कुल 39 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने 5 लाख रुपये कीमत के टाटा टेंपो और वेफर्स सहित कुल 6 लाख 95 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर लिया।

राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की पड़ताल शुरू-

मौके से पुलिस ने आरोपी चालक किशन (25) पिता पृथ्वीराज साल्वी, निवासी ग्राम काठी, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से रिमांड पर यह पूछताछ कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे डिलीवर किया जाना था। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।