BREAKING NEWS : मौत बनकर धंसी कुएं की मिट्टी: मालाखेड़ा में निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार जिंदा दफन, मौके पर मौत; दो मजदूर घायल, एक गंभीर, पढ़े मनीष जोलानिया की खबर

BREAKING NEWS : मौत बनकर धंसी कुएं की मिट्टी: मालाखेड़ा में निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार जिंदा दफन, मौके पर मौत; दो मजदूर घायल, एक गंभीर, पढ़े मनीष जोलानिया की खबर

मनासा। मनासा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मालाखेड़ा  में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। निर्माणाधीन कुएं में कार्य के दौरान अचानक गीली मिट्टी धंस जाने से कुएं के ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मालाखेड़ा में रामप्रसाद ओड़ पिता लालू के निर्माणाधीन कुएं पर ठेकेदार एवं मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कुएं की भीतरी दीवार की गीली मिट्टी अचानक भरभराकर धंस गई और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में कुएं के ठेकेदार रामप्रसाद पिता माधव ओढ़ (लगभग 50 वर्ष), निवासी धामनिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मनासा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से मृतक के शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु शासकीय अस्पताल मनासा भिजवाया।

गीली मिट्टी बनी हादसे की वजह

ग्रामीणों के अनुसार हाल की नमी और मिट्टी के अत्यधिक गीले होने के कारण कुएं की दीवार कमजोर हो गई थी। कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से यह बड़ा हादसा हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।