BIG NEWS: जीरन में ‘जनता की जीत, महंगाई की हार’, भाजपा पार्षदों ने मांगलिक भवन किराया बढ़ाने की पूरी साजिश को किया फेल, परिषद में गूंजा जोरदार विरोध,आम लोगों को मिली बड़ी राहत, पढ़े खबर
जीरन। नगर परिषद के विशेष सम्मेलन में आज राजनीतिक गर्मी अपने चरम पर रही, जब भाजपा पार्षदों ने एकजुट होकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने वाले प्रस्ताव को सीधे तौर पर नकार दिया। परिषद द्वारा नगर के सामुदायिक मांगलिक भवनों के किराए में वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन भाजपा पार्षद दल ने इसे सिरे से खारिज कर दिया।

भाजपा पार्षदों ने साफ शब्दों में कहा कि पिछले वर्ष ही किराया बढ़ाया जा चुका है, ऐसे में फिर से बढ़ोतरी करना आम लोगों के साथ अन्याय होगा। उनका कहना था कि ये मांगलिक भवन आम जनता के शादी-विवाह और पारिवारिक कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र हैं, इसलिए इन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना किसी भी सूरत में उचित नहीं है।

पहले ही दे दिया था विरोध का संकेत
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा पार्षदों ने बैठक शुरू होने से पहले ही एक संयुक्त हस्ताक्षर पत्र परिषद को सौंप दिया था। इससे साफ हो गया था कि इस मुद्दे पर भाजपा पूरी तरह एकजुट है और किसी भी हाल में किराया बढ़ोतरी को मंजूरी नहीं दी जाएगी।

राहत भी, संतुलन भी
हालांकि भवनों के रख-रखाव और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए परिषद ने एक संतुलित निर्णय लेते हुए प्री-बुकिंग सुरक्षा निधि को 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का फैसला लिया है।

नया टैक्स नहीं, जनता को राहत
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आगामी वित्तीय वर्ष में नगर में कोई नया कर (टैक्स) नहीं लगाया जाएगा, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
इस फैसले को जनहित में बड़ा कदम माना जा रहा है, जहां एक तरफ किराया बढ़ोतरी पर रोक लगी, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद ने संतुलन बनाते हुए रख-रखाव के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू की।