BIG NEWS: मन्दसौर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 70 ग्राम एमडी, 7 किलो डोडाचूरा, बाइक और मोबाइल समेत दबोचा तस्कर ,पुरे नेटवर्क का खुलासा होने के आसार, पढ़े खबर
मन्दसौर | जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया गया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। थाना प्रभारी भारत भाबर के नेतृत्व में 17 अप्रैल को चौकी झारड़ा प्रभारी रितेश डामोर द्वारा कॉम्बिंग गश्त के दौरान झारड़ा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी (इंदौर फंटा) पर संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया।

जांच के दौरान आरोपी के पास से अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान मेहजर अली शाह (22 वर्ष) निवासी कोलगर गली, मदारपुरा, मन्दसौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त
70 ग्राम एमडी (MD ड्रग) – अनुमानित कीमत ₹84,000
7 किलोग्राम डोडाचूरा – अनुमानित कीमत ₹14,000
बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल – ₹30,000
एंड्रॉइड मोबाइल फोन – ₹10,000
कुल मिलाकर लगभग ₹1.38 लाख का मशरूका जब्त किया गया है।

मामला दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।

नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस मामले को आगे बढ़ाते हुए सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम की सक्रियता और सतर्कता की अहम भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।