BIG NEWS : जीरन बनेगा भाजपा का प्रशिक्षण रणक्षेत्र,दो दिवसीय महाअभियान में जुटेंगे सांसद-विधायक सहित दिग्गज नेता,कार्यकर्ताओं को मिलेगा संगठन और डिजिटल राजनीति का मंत्र,पढ़े खबर

BIG NEWS : जीरन बनेगा भाजपा का प्रशिक्षण रणक्षेत्र,दो दिवसीय महाअभियान में जुटेंगे सांसद-विधायक सहित दिग्गज नेता,कार्यकर्ताओं को मिलेगा संगठन और डिजिटल राजनीति का मंत्र,पढ़े खबर

जीरन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जीरन दक्षिण मंडल में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 14 और 15 मार्च को किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर जीरन के सामुदायिक भवन (चिताखेड़ा दरवाजा) में आयोजित होगा, जिसमें मंडल के अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति, विचारधारा और कार्यपद्धति का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ 14 मार्च को सुबह 10 बजे होगा। उद्घाटन सत्र में जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हेमंत हरित, महेंद्र भटनागर, अवंतिका मेहर सिंह जाट, प्रशिक्षण प्रभारी राकेश पप्पू जैन और दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

पहले दिन पांच महत्वपूर्ण सत्र आयोजित होंगे जो शाम 5 बजे तक चलेंगे। इनमें पार्टी का वैचारिक अधिष्ठान और इतिहास, भाजपा की विकास यात्रा, संगठन विस्तार, कार्यपद्धति और सरकार की उपलब्धियों जैसे विषयों पर वक्ता मार्गदर्शन देंगे। दिन के समापन के बाद रात्रि विश्राम के दौरान ‘युवा संसद’ का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी।

दूसरे दिन योग और डिजिटल प्रबंधन पर फोकस

15 मार्च को प्रशिक्षण का दूसरा दिन योग और प्रार्थना से शुरू होगा। इसके बाद आयोजित सत्रों में कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया, नमो ऐप और संगठन ऐप के प्रभावी उपयोग, बूथ प्रबंधन तथा प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की महत्ता के बारे में जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण वर्ग का समापन 15 मार्च को दोपहर 1 बजे होगा। दक्षिण मंडल महामंत्री किशन अहिरवार और दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंडल के सभी अपेक्षित कार्यकर्ताओं को इस वर्ग में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आमंत्रण दिया गया है।