BREAKING NEWS: गैस को लेकर शहर में मचा हड़कंप,पुलिस ने बुलाई एजेंसियों की बैठक,दिल्ली सर्वर डाउन से बुकिंग ठप, नीमच में सिलेंडर की कोई कमी नहीं,अफवाहों से बचने की अपील,पढ़े खबर 

BREAKING NEWS: गैस को लेकर शहर में मचा हड़कंप,पुलिस ने बुलाई एजेंसियों की बैठक,दिल्ली सर्वर डाउन से बुकिंग ठप, नीमच में सिलेंडर की कोई कमी नहीं,अफवाहों से बचने की अपील,पढ़े खबर 

रिपोर्ट : पवन राव शिंदे 

नीमच। शहर में रसोई गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों और उपभोक्ताओं में बढ़ती चिंता के बीच केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए थाने में सभी गैस एजेंसी संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में साफ किया गया कि नीमच जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, बल्कि बुकिंग में आ रही दिक्कत का कारण दिल्ली से संचालित सेंट्रलाइज्ड सर्वर का तकनीकी रूप से डाउन होना है।

बैठक के दौरान एजेंसी संचालकों ने बताया कि सरकार द्वारा गैस बुकिंग प्रक्रिया को दिल्ली से सेंट्रलाइज्ड कर दिया गया है। हाल ही में सर्वर पर अत्यधिक लोड बढ़ने के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है।

गैस एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक बुकिंग करने से बचें। एक साथ बड़ी संख्या में बुकिंग का प्रयास होने से सर्वर पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे समस्या और बढ़ रही है।

वहीं, थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बुकिंग होते ही उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने एजेंसी संचालकों को यह भी हिदायत दी कि यदि गैस वितरण के दौरान कहीं भी विवाद या हंगामे की स्थिति बनती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला जा सके और लोगों को सही जानकारी देकर समझाइश दी जा सके।