BIG NEWS :कुकडेश्वर में युवक की खुदकुशी, सोशल मीडिया पर छोड़ा सवालों से भरा नोट,पत्नी पर गंभीर आरोप, कुछ नामों का भी जिक्र सुसाइड नोट की सच्चाई और कारणों की जांच में जुटी पुलिस, पढ़े मनीष जोलानिया की ये खबर
नीमच, जिले के कुकडेश्वर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान संजय पिता कारूलाल कुशवाह (उम्र करीब 30 वर्ष), निवासी चपलाना के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने अपने घर में फांसी लगा ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंखे से लटके शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मनासा के शासकीय अस्पताल भिजवाया गया।

प्राथमिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। वहीं, मृतक द्वारा आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक कथित सुसाइड नोट भी वायरल होने की जानकारी सामने आई है, जिसे उसने अपनी डीपी पर भी लगाया हुआ था।

-सुसाइड नोट में लगाए आरोप
सच्चाई की होगी जांच.....
बताया जा रहा है कि वायरल हो रहे कथित सुसाइड नोट में युवक ने अपनी मौत का स्पष्ट कारण तो नहीं लिखा है, लेकिन कुछ लोगों को जिम्मेदार जरूर ठहराया है। साथ ही अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस थाने में सुनवाई नहीं होने जैसी बातें भी लिखी गई हैं।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की जांच की जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।