NEWS: 17 अप्रैल को जलेश्वर महादेव में बैसाखी अमावस्या पर लगेगा भव्य मेला, उमड़ेगा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, चमत्कारी धाम में दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंचेंगे भक्त, पढ़े खबर

NEWS: 17 अप्रैल को जलेश्वर महादेव में बैसाखी अमावस्या पर लगेगा भव्य मेला, उमड़ेगा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, चमत्कारी धाम में दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंचेंगे भक्त, पढ़े खबर

हरवार (नीमच)। जहां आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम हर साल श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचता है, वही पावन धाम एक बार फिर भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। बैसाखी अमावस्या के अवसर पर 17 अप्रैल 2026, शुक्रवार को प्रसिद्ध प्राकृतिक तीर्थ जलेश्वर महादेव में भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा।

ग्राम पंचायत हरवार के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह मेला हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर रहेगा। क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन करेंगे।

“जहां आस्था अटूट हो, वहां चमत्कार भी भरपूर होते हैं” — इसी विश्वास के साथ भक्त जलेश्वर महादेव पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और भोलेनाथ अपने भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं।

प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा यह पावन स्थल पहाड़ियों के बीच स्थित है, जहां सालभर झील में जल प्रवाहित होता रहता है। ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रकृति स्वयं भगवान शिव का अभिषेक कर रही हो। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पवित्र जल में स्नान करने से चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

मेले में नीमच, मंदसौर और प्रतापगढ़ सहित दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। भक्तजन बस सेवाओं और निजी साधनों से यहां पहुंचकर दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।

जलेश्वर महादेव न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह प्राचीन काल से साधु-संतों की तपोभूमि भी रहा है। यहां आज भी श्रद्धा की गूंज और प्रकृति की शांति मिलकर एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति कराती है।