NEWS: संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर जीरन और हरवार में श्रद्धा का सैलाब, शोभायात्रा से लेकर महाआरती तक गूंजा समरसता का संदेश, पढ़े खबर

NEWS: संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर जीरन और हरवार में श्रद्धा का सैलाब, शोभायात्रा से लेकर महाआरती तक गूंजा समरसता का संदेश, पढ़े खबर

जीरन/ हरवार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती हरवार एवं जीरन में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण में भव्य रूप से मनाई गई। दोनों स्थानों पर अहिरवार समाज के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।

हरवार में भव्य शोभायात्रा, नई कार्यकारिणी का गठन

ग्राम हरवार में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गुरु रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। रविवार 1 फरवरी को गुरु रविदास मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नई आबादी, पीपल चौक, चामुंडा माता मंदिर, कालभैरव मंदिर एवं अहिरवार मोहल्ला बस स्टैंड से होकर गुजरी।

संत रविदास महाराज की सुसज्जित झांकी, बैंड-बाजे और भजन-कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे प्रेरणादायी संदेशों के साथ श्रद्धालु संत के विचारों का स्मरण करते नजर आए।

शोभायात्रा के समापन पर रविदास मंदिर परिसर में सामूहिक महाआरती हुई एवं प्रसाद वितरण किया गया।

इसी अवसर पर हरवार अहिरवार समाज की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया, जिसमें—अध्यक्ष: राधेश्याम अहीरवार (ठेकेदार),उपाध्यक्ष: बलराम अहीरवार,सचिव: रवि अहीरवार,कोषाध्यक्ष: राधेश्याम (राजू) अहीरवार को दायित्व सौंपा गया।

कार्यकारिणी गठन के पश्चात समाज की ओर से सामूहिक प्रसादी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम रविदास ग्रुप हरवार एवं अहिरवार समाज हरवार के संयुक्त तत्वाधान में शांतिपूर्ण व अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।

जीरन में 30 वर्षों से चली आ रही परंपरा निभाई

जीरन के जयप्रकाश नगर स्थित संत श्री गुरु रविदास धर्मशाला में अहिरवार समाज द्वारा गुरु रविदास जयंती का आयोजन किया गया। समाज द्वारा पिछले 30 वर्षों से लगातार इस पावन पर्व को भव्य रूप से मनाने की परंपरा कायम रखी गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना से हुआ। भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा रहा।

इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक निधि से निर्मित धर्मशाला परिसर के नए चद्दर शेड का लोकार्पण भी उनके द्वारा किया गया। समाजजनों ने इस सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।

महाआरती में उमड़ा जनसैलाब

सायं गांधी नगर प्राथमिक स्कूल के पास आयोजित महाआरती में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों सहित सर्व समाज की उल्लेखनीय भागीदारी रही। दीप प्रज्वलन, जयघोष और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

वक्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए समता, समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि संत महापुरुषों की शिक्षाएं आज भी समाज को एक सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती हैं।