BIG NEWS: नीमच में बाछड़ा समाज की महिला का फूटा दर्द, एसपी ऑफिस पहुंच लगाई इंसाफ की गुहार, मारपीट, छेड़छाड़, लूट और अपहरण के आरोपों से मचा हड़कंप, पीड़िता बोली – “शिकायत की तो जान से मारने की दी धमकी”, क्या है पूरा मामला पढ़े ये खबर

BIG NEWS: नीमच में बाछड़ा समाज की महिला का फूटा दर्द, एसपी ऑफिस पहुंच लगाई इंसाफ की गुहार,  मारपीट, छेड़छाड़, लूट और अपहरण के आरोपों से मचा हड़कंप, पीड़िता बोली – “शिकायत की तो जान से मारने की दी धमकी”, क्या है पूरा मामला पढ़े ये खबर

नीमच। जिले के मनासा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बाछड़ा समाज की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट, छेड़छाड़, लूटपाट और अपहरण की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। गुरुवार को पीड़ित परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता पेपाबाई पति ओमप्रकाश मालवीय निवासी पिपलियामंडी ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि वह 2 मई को कड़ी आंत्री में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया।

महिला का आरोप है कि अमन पिता प्रहलाद बाछड़ा, चमन पिता प्रहलाद बाछड़ा, प्रहलाद डावर सहित अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन, अंगूठी और चांदी के आभूषण छीन लिए।

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उनकी बेटी को उठाकर ले जाने और शिकायत करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।

महिला ने बताया कि घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी बीच आरोपियों ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया और अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। बेटी के लापता होने से परिवार भय और तनाव के माहौल में जी रहा है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली हैं और पुलिस से मिलीभगत कर परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। महिला ने पुलिस अधीक्षक से बेटी को सकुशल बरामद करने, आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन दिया गया