BREAKING NEWS : एथेनॉल कम आया… तो ड्राइवर पर टूटा कहर,900 लीटर के विवाद ने लिया हिंसक रूप, ऑफिस में हुई पाइप से पिटाई, पिपलियामंडी निवासी आर्यन अग्रवाल समेत तीन पर मामला दर्ज, पढ़े खबर
रिपोर्ट : नरेंद्र राठौर
पिपलियामंडी। एथेनॉल कम आने के विवाद को लेकर टैंकर चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पेट्रोल पंप संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रीवा निवासी भूपेन्द्रसिंह पिता गंगासिंह राजपूत ने पिपलियामंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह करीब डेढ़ महीने से पिपलियामंडी निवासी आर्यन अग्रवाल के टैंकर पर चालक के रूप में कार्य कर रहा है और कंपनी के निर्देशानुसार विभिन्न स्थानों से एथेनॉल का परिवहन करता है।

चालक ने बताया कि 4 मार्च 2026 को वह नागपुर से ट्रक में एथेनॉल भरकर इंदौर पहुंचा था। इसके बाद 13 मार्च को इंदौर स्थित डिपो में एथेनॉल खाली कर उसने इसकी सूचना कंपनी के प्रबंधक को दे दी। एथेनॉल खाली करने के बाद वह ट्रक को इंदौर की एक पार्किंग में खड़ा कर उसी में आराम कर रहा था।

भूपेन्द्रसिंह के अनुसार 14 मार्च की सुबह करीब 5 बजे कंपनी का कर्मचारी शुभम सैनी उसके पास आया और उसे दूसरी गाड़ी पर शिफ्ट करने की बात कही। इसके बाद वह अपना सामान लेकर शुभम सैनी के साथ कार से पिपलियामंडी स्थित आर्यन अग्रवाल के पेट्रोल पंप पहुंचा।चालक का आरोप है कि वहां सुबह करीब 11 बजे आर्यन अग्रवाल और उसके बड़े भाई ने उससे पूछताछ शुरू कर दी और आरोप लगाया कि ट्रक से 900 लीटर एथेनॉल निकालकर बेच दिया, जिससे कंपनी को नुकसान हुआ है। आरोपियों ने उससे 90 हजार रुपए देने की मांग की।

चालक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने एथेनॉल नहीं बेचा है और यदि किसी कारण से एथेनॉल कम निकला है तो कंपनी चाहे तो उसकी तनख्वाह से राशि काट सकती है। इस बात पर तीनों आरोपी भड़क गए और चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल पंप के कार्यालय में प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की।
मारपीट में चालक की पीठ, दोनों पैरों की जांघों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। चालक का आरोप है कि आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर उसे जान से खत्म करने की धमकी भी दी। घटना के बाद किसी तरह वहां से निकलकर वह सीधे पिपलियामंडी थाने पहुंचा और पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पिपलियामंडी टीआई विक्रमसिंह इवने ने बताया कि चालक की शिकायत के आधार पर आर्यन अग्रवाल, उसके बड़े भाई और शुभम सैनी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।