BREAKING NEWS: पंजाब-हरियाणा के दो तस्कर मंदसौर पुलिस के शिकंजे में, स्विफ्ट कार से 60 किलो डोडाचूरा बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: पंजाब-हरियाणा के दो तस्कर मंदसौर पुलिस के शिकंजे में, स्विफ्ट कार से 60 किलो डोडाचूरा बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस, पढ़े खबर

मंदसौर, 8 जून। पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंजाब पासिंग एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से 60 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर पंजाब और हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) श्रीमती हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 8 जून को थाना शामगढ़ में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब पासिंग एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में दो व्यक्ति अवैध डोडाचूरा लेकर पंजाब की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सकरियाखेड़ी के पास 8 लाइन अंडरब्रिज पर वाहन चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक PB-01-F-7310 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 60 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार आरोपी कुलविंदर सिंह (45 वर्ष) निवासी काकड़ा, जिला पटियाला (पंजाब) तथा जोगा सिंह (56 वर्ष) निवासी मलिकपुर, जिला कैथल (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य का डोडाचूरा एवं लगभग 8 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा की सप्लाई चेन, स्रोत एवं इससे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, आरक्षक प्रेम कुमार, धर्मेश बैरागी, विशाल सिंह, हीरालाल एवं मोकम सिंह का सराहनीय योगदान रहा।