BREAKING NEWS: मूसलाधार बारिश ने बिगाड़े हालात, गाडगिल सागर के 7 गेट खुले, रेतम नदी उफनी तो जीरन-मल्हारगढ़ मार्ग बंद, वही भेंसाखेड़ा में डूबी सड़क,पढ़े खबर
जीरन /मल्हारगढ़। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। गाडगिल सागर बांध में पानी की भारी आवक के चलते जलस्तर बढ़ता जा रहा है। बढ़ते जलस्तर और पानी के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने गाडगिल सागर बांध के 7 गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है।
बांध के गेट खुलने के बाद बढ़े जलस्तर के कारण जीरन-मल्हारगढ़ मार्ग पर पानी आ गया, जिसके चलते इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। सड़क पर पानी आने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम भेंसाखेड़ा के पास भी जलस्तर अचानक बढ़ने से सड़क जलमग्न हो गई है। तेज बहाव के चलते गांधी सागर बांध की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर लोगों को इस मार्ग से आवाजाही नहीं करने की सूचना दी जा रही है।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नालों में पानी बढ़ता जा रहा है। तेज बहाव वाले स्थानों पर खतरा बना हुआ है। लोगों से अपील की जा रही है कि पानी के बीच से वाहन निकालने का प्रयास न करें और जलभराव व तेज बहाव वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें।