BREAKING NEWS: मेघ बरसे तो छलका गाडगिल डेम, तीन गेट खोले, तेज बहाव से जलस्रोतों में बढ़ी पानी की आवक, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: मेघ बरसे तो छलका गाडगिल डेम, तीन गेट खोले, तेज बहाव से जलस्रोतों में बढ़ी पानी की आवक, पढ़े खबर

जीरन। क्षेत्र में शुक्रवार को लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ने लगी है, वहीं जलस्रोतों का जलस्तर भी तेजी से ऊपर पहुंच रहा है। बारिश के बीच गाडगिल डेम के तीन गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई है।

तेज बारिश के चलते डेम में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। गेट खुलने के बाद पानी का बहाव तेज हो गया है। निचले क्षेत्रों में पानी के बहाव को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है

इधर रामनाथ महादेव क्षेत्र के समीप नदी-नाले भी उफान पर आ गए हैं। पानी का तेज बहाव जीरन की तरफ बढ़ रहा है। बारिश के कारण क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने से लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

मंडी में नीलामी के दौरान झमाझम बारिश
जीरन मंडी परिसर में लहसुन की नीलामी के दौरान ही तेज बारिश शुरू हो गई। मूसलाधार बारिश के बीच मंडी में कृषि उपज की नीलामी का काम जारी रहा। बारिश से किसानों को जहां परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों में अच्छी बारिश से राहत की उम्मीद जगी है।

जलस्रोतों में बढ़ेगी पानी की आवक
लगातार बारिश से कुएं, बावड़ी, नदी और तालाबों में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है। इससे आगामी फसलों के लिए किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश ने क्षेत्र के किसानों के चेहरे पर भी राहत ला दी है