NEWS: आधी रात गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’... 21 फीट ऊंची मटकी पर चढ़े गोविंदा, कचुमुरिया भोई समाज ने मारी बाजी, पढ़े खबर
रामपुरा में आस्था और उल्लास का संगम, मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब; लालबाग में मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने बांधा समां
रिपोर्ट :- रुपेश सारु
रामपुरा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर में दिनभर उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। सुबह से ही विभिन्न कृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंज उठे। विधि-विधान से आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आए।

लालबाग में 21 फीट ऊंची मटकी ने बढ़ाया रोमांच
जन्माष्टमी के अवसर पर रामपुरा के हृदयस्थल लालबाग परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा भव्य 21 फीट ऊंची मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। मटकी फोड़ने के लिए टीमों ने पूरे जोश के साथ प्रयास किया।
प्रतियोगिता में कचुमुरिया भोई समाज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 फीट ऊंचाई पर टंगी मटकी फोड़कर विजय हासिल की। मटकी फूटते ही परिसर जयकारों और तालियों से गूंज उठा।

गोविंदाओं के जोश ने जीता दर्शकों का दिल
मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी लालबाग पहुंचे। युवाओं के रोमांचक प्रयासों के साथ दर्शकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। जैसे-जैसे गोविंदा दल मटकी के करीब पहुंचते, पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठता।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले नगरवासियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से जन्माष्टमी का यह आयोजन यादगार बन सका।