NEWS: सीआरपीएफ परिसर में गूंजा महिला शक्ति का उत्सव: सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, पढ़े खबर

NEWS: सीआरपीएफ परिसर में गूंजा महिला शक्ति का उत्सव: सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, पढ़े खबर

नीमच। ग्रुप केन्द्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) नीमच में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय परिवार कल्याण केंद्र नीमच की अध्यक्षा श्रीमती वीणा के मार्गदर्शन तथा डीआईजी ग्रुप केंद्र श्री सुरेंद्र कुमार के निर्देशन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

a

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘महाराणा प्रताप भवन’ में मुख्य अतिथि डॉ. पद्मा चौधरी, श्रीमती मितुल ठाकुर एवं श्रीमती संगीता द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवार कल्याण केंद्र की सदस्य एवं सचिव श्रीमती सरिता नेगी ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।

महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस, मेहंदी, रंगोली सहित कई गतिविधियां शामिल रहीं। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं गीतों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया और उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके बाद आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वॉटर ट्रायथलॉन की वर्ल्ड चैंपियनशिप में शीर्ष चौथे स्थान पर रहने वाले सीआरपीएफ के मास्टर एथलीट वीराज सिंह को भी क्षेत्रीय ‘कावा’ द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं समाज की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण, अधिकारों और समान अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।

गौरतलब है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम “Give To Gain (दान से लाभ)” रखी गई है, जो महिलाओं को अवसर, सहयोग और संसाधन देकर समाज को सशक्त बनाने का संदेश देती है। वहीं संयुक्त राष्ट्र की थीम “Rights, Justice, Action for All Women and Girls” महिलाओं और बालिकाओं के लिए समान अधिकार, न्याय और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर देती है।

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती विमला थोरचा ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सीआरपीएफ की महिला अधिकारी, ऑफिसर्स लेडी वाइफ्स, स्टेशन के विभिन्न संस्थानों की महिलाएं तथा क्षेत्रीय परिवार कल्याण केंद्र की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।