NEWS: “फूलों की होली, भजनों की गूंज और कान्हा भक्ति का रंग: फाग महोत्सव में झूम उठी मातृशक्ति, राधा-कृष्ण की झांकी पर बरसे पुष्प”, पढ़े खबर
नीमच। नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज महिला समिति, छावनी नीमच के तत्वावधान में रंगों के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में रविवार को भारतीय जीवन बीमा निगम चौराहे के समीप स्थित परशुराम मंदिर सभा कक्ष में रंग-रंगीला फाग महोत्सव उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए फूलों की होली खेली और भजनों की मधुर धुनों पर भक्ति में सराबोर होकर झूम उठीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर महिलाओं ने फूलों की होली खेलते हुए एक-दूसरे को प्राकृतिक रंगों से गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान “कितना प्यारा है श्रृंगार…”, “सांवरिया ले चल परली पार…”, “अरे रंग मत डालो रे सांवरिया…”, “कृष्ण आजा रे बरसाने में…”, “मोहन आओ तो सही…”, “वृंदावन में धूम मचावे बरसाने की छोरी…”, “मीठे रस से भरियो री राधा रानी…”, “मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है…” सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिन पर उपस्थित महिलाएं भक्ति भाव से झूम उठीं।

इस दौरान बालिकाओं और महिलाओं द्वारा राधा-कृष्ण स्वांग की मनमोहक झांकी सजाने एवं श्रृंगार प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। आयोजन को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया और समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महिला समिति अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शर्मा, सचिव ललिता नागदा एवं सांस्कृतिक सचिव श्रीमती नेहा नागदा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज में ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विनीता नागदा, शकुंतला जोशी, मीनाक्षी जोशी, निवेदिता नागदा, रंजना नागदा, चंचल नागदा, अनु शर्मा, भारती मेनारिया, चंचल मेनारिया, नीतू जोशी, प्रीति जोशी, प्रियंका नागदा एवं हिना नागदा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ किया गया।
राधा-कृष्ण की झांकी पर हुई पुष्प वर्षा
फाग महोत्सव के दौरान राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालु भक्तों ने झांकी पर पुष्प वर्षा कर भक्ति भाव से भगवान का स्वागत किया। नृत्य नाटिका में राधा की भूमिका सुश्री श्री नागदा और भूमिका जोशी ने निभाई, जबकि श्रीकृष्ण की भूमिका सिद्धि शर्मा और आराध्या नागदा ने साकार की।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में भजन-कीर्तन एवं नृत्य की विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें उत्कृष्ट प्रस्तुति देने पर जानवी नागदा एवं चंचल मेनारिया को पुरस्कृत किया गया, वहीं अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।