BIG NEWS: चीताखेड़ा में कैंसर का रहस्यमयी खतरा, महज 200 मीटर के दायरे में लगातार सामने आ रहे मरीजों ने मचाई सनसनी, ग्रामीणों में दहशत… अब पानी, मोबाइल टावर और आसपास के माहौल की जांच में जुटा प्रशासन, पढ़े आजाद मंसूरी की ये खबर

BIG NEWS: चीताखेड़ा में कैंसर का रहस्यमयी खतरा, महज 200 मीटर के दायरे में लगातार सामने आ रहे मरीजों ने मचाई सनसनी, ग्रामीणों में दहशत… अब पानी, मोबाइल टावर और आसपास के माहौल की जांच में जुटा प्रशासन, पढ़े आजाद मंसूरी की ये खबर

चीताखेड़ा, 14 मई। जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा में पिछले कुछ वर्षों से करीब 200 मीटर के सीमित क्षेत्र में लगातार कैंसर मरीज सामने आने की खबर के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है। ग्रामीणों द्वारा गांव में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसके बाद जिला कलेक्टर डॉ. हिमांशु चंद्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए।

इसी क्रम में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्राम चीताखेड़ा पहुंची और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कैंसर जांच शिविर आयोजित किया गया। ब्लॉक मेडिकल अधिकारी पालसोडा डॉ. विजय भारती अपनी टीम के साथ शिविर में पहुंचे और कैंसर पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सलाह दी। उन्होंने कहा कि शराब, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गांजा जैसे नशे मानव जीवन के लिए बेहद घातक हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का बड़ा कारण बन सकते हैं।

शिविर में पहुंचे कई कैंसर पीड़ित मरीजों ने अपनी जांच रिपोर्ट डॉक्टरों को दिखाकर परामर्श लिया। करीब 8 कैंसर मरीजों ने बताया कि उनका इलाज अहमदाबाद और उदयपुर में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंसर सर्वे भी शुरू किया तथा बीमारी से पीड़ित लोगों से संपर्क कर समय पर उपचार लेने की सलाह दी।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ग्रामीणों ने गांव के एक सीमित क्षेत्र में लगातार कैंसर मरीज मिलने पर पानी, मोबाइल टावर और अन्य संभावित कारणों की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग उठाई थी। इस खबर के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया था। अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच शिविर और सर्वे शुरू किए जाने से ग्रामीणों को उम्मीद जगी है कि बीमारी के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

शिविर में मेडिकल अधिकारी डॉ. आर. के. गुप्ता, बीई शक्तावत, बीसीएम परमार, बीपीएम मंसूरी, एएनएम तरुणा कनिक, सेक्टर सुपरवाइजर कुमावत, आशा सुपरवाइजर ममता परमार, सरपंच श्रीमती मंजू जैन सहित पीएचसी स्टाफ, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।