NEWS: महिला दिवस पर नीमच में स्वास्थ्य जागरूकता की अनोखी पहल,कैंसर-थैलेसीमिया के खिलाफ 8 मार्च को सड़कों पर दौड़ेगी कार रैली, पढ़े खबर
नीमच। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर में जनस्वास्थ्य को लेकर एक विशेष जागरूकता कार रैली का आयोजन किया जा रहा है। जेटो लेडीज विंग, नीमच एवं जेटो यूथ विंग, नीमच द्वारा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सहयोग तथा उपदेश किआ के प्रायोजन में 8 मार्च को यह रैली निकाली जाएगी। रैली का उद्देश्य कैंसर और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति आमजन को जागरूक करना है, ताकि समय पर जांच और उपचार से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

सुबह 7 बजे दशहरा मैदान से होगी शुरुआत
जेटो लेडीज विंग की अध्यक्ष रिंकू राठौर ने बताया कि कार रैली प्रातः 7 बजे दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पर समाप्त होगी।रैली के समापन पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कैंसर एवं थैलेसीमिया विषय पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें इन बीमारियों की रोकथाम, प्रारंभिक जांच और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

स्वास्थ्य के प्रति सजगता ही सच्चा सशक्तिकरण
श्रीमती राठौर ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना आज की बड़ी आवश्यकता है। सही जानकारी और समय पर जांच से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। महिला दिवस के अवसर पर यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति सजगता भी उतनी ही आवश्यक है। स्वस्थ समाज के निर्माण में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस रैली में शामिल होकर अभियान को सफल बनाएं और अपने परिवार व समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में योगदान दें। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जिम्मेदारी और जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता का एक सशक्त संदेश देने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।