NEWS: आंगनवाड़ी से स्कूल तक, नन्हे कदमों को मिली नई उड़ान, चिताखेड़ा में बच्चों का कराया प्राथमिक शाला भ्रमण, पढ़े खबर
महिला एवं बाल विकास विभाग की अनूठी पहल, स्कूल का डर खत्म कर ड्रॉपआउट रोकने पर जोर
नीमच। बच्चों के मन से स्कूल का डर दूर कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग ने जुलाई के अंतिम सप्ताह में विशेष अभियान चलाया। इसके तहत परियोजना नीमच ग्रामीण के सेक्टर चिताखेड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को निकटवर्ती शासकीय प्राथमिक शाला का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान बच्चों को विद्यालय की कक्षाएं, पुस्तकालय, खेल मैदान और अन्य सुविधाओं से परिचित कराया गया। शिक्षकों ने बच्चों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय के वातावरण से रूबरू कराया, जिससे उनमें स्कूल के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।

इस दौरान सेक्टर प्रभारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बच्चों के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई का महत्व समझाते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के मन से स्कूल का भय समाप्त करना, प्राथमिक शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना तथा भविष्य में ड्रॉपआउट की समस्या को कम करना है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को सहज रूप से विद्यालयी वातावरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य बिंदु
उद्देश्य: स्कूल का डर खत्म करना और ड्रॉपआउट रोकना।
स्थान: सेक्टर चिताखेड़ा, परियोजना नीमच ग्रामीण।
आयोजक: महिला एवं बाल विकास विभाग।
विशेष पहल: आंगनवाड़ी बच्चों को प्राथमिक विद्यालय के वातावरण से कराया गया परिचित।
