BREAKING NEWS: मोहर्रम, सावन और धार्मिक आयोजनों को लेकर नागदा में प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में साफ संदेश—नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: मोहर्रम, सावन और धार्मिक आयोजनों को लेकर नागदा में प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में साफ संदेश—नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई, पढ़े खबर

नागदा। आगामी मोहर्रम 40वां पर्व, सावन सोमवार और श्रावण मास के धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना नागदा के समीप पुरानी धान मंडी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (सीएसपी), एसडीएम नागदा, तहसीलदार, थाना प्रभारी, नगर पालिका के सीएमओ, विद्युत विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, मोहर्रम ताजिया एवं अखाड़ा समितियों के पदाधिकारी, डीजे संचालक तथा सावन माह की धार्मिक सवारियों के आयोजक भी शामिल हुए।

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही आयोजित किए जाएं। बिना अनुमति जुलूस के मार्ग में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा।

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह, भड़काऊ संदेश या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी विवाद या संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

बैठक में मौजूद सभी नागरिकों, आयोजन समितियों और ताजिया-अखाड़ा प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा आगामी सभी त्योहार भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया। अंत में प्रशासन ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।