NEWS: कक्षा 5-8 की बोर्ड पैटर्न परीक्षा: जिले में 130 केंद्र तैयार,निष्पक्षता के लिए सख्त इंतजाम,पढ़े खबर

NEWS: कक्षा 5-8 की बोर्ड पैटर्न परीक्षा: जिले में 130 केंद्र तैयार,निष्पक्षता के लिए सख्त इंतजाम,पढ़े खबर

नीमच। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार जिले में कक्षा 5 एवं कक्षा 8 की परीक्षाएं इस वर्ष बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिलेभर में कुल 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा चुके हैं।

परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला अकादमिक समन्वयक पंडित अंबिका प्रसाद जोशी ने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि जिले के सभी विद्यार्थी पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हों और सहज, शांत एवं भयमुक्त वातावरण में अपना मूल्यांकन करा सकें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कक्षा 5 और 8 के शिक्षण पर विशेष फोकस किया गया है। प्रत्येक जन शिक्षक एवं सभी स्तर के अवलोकनकर्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पाठ्यगत कठिनाइयों को दूर करने का प्रयास किया है।

जिला शिक्षा केंद्र का मानना है कि बेहतर तैयारी और सकारात्मक माहौल से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा परीक्षा परिणाम भी बेहतर होंगे।