BIG NEWS: आधी रात दबंगों का कहर! विधवा से मारपीट कर जमीन हथियाने की कोशिश, फर्जी रजिस्ट्री के सहारे धमकाने का आरोप, पीड़िता पहुंची थाने पढ़े खबर

BIG NEWS: आधी रात दबंगों का कहर! विधवा से मारपीट कर जमीन हथियाने की कोशिश, फर्जी रजिस्ट्री के सहारे धमकाने का आरोप, पीड़िता पहुंची थाने पढ़े खबर

रिपोर्ट: नरेंद्र राठौर

पिपलियामंडी। मंदसौर जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ मारपीट और उसकी निजी जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने नारायणगढ़ थाने पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरसोल रोड निवासी लक्ष्मीबाई पति स्वर्गीय बाबूलाल पाटीदार ने अपने आवेदन में बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे सुनील दिवानिया और विनोद कुछ अन्य लोगों के साथ उनकी जमीन पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने मौके पर तोड़फोड़ की और महिला के साथ मारपीट की।

महिला का कहना है कि उनके स्वर्गीय पति द्वारा निर्मित ओटला भी आरोपियों ने तोड़ दिया। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों के पास जमीन की कथित फर्जी रजिस्ट्री है, जबकि उक्त जमीन पर उनके परिवार का पिछले लगभग 50 वर्षों से कब्जा है।

लक्ष्मीबाई ने दावा किया कि जमीन का नामांतरण उनके नाम पर है तथा नगर परिषद की टैक्स रसीदें भी उनके नाम से जारी हो रही हैं। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा उन्हें जमीन खाली करने की धमकियां दी जा रही हैं। घटना से आहत महिला ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

इस संबंध में नारायणगढ़ थाना प्रभारी भारत भाभर ने बताया कि मामला जमीन संबंधी विवाद का है। दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जांच उपरांत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।