BREAKING NEWS: नागदा में गौतम जैन पर हमला, तीन ने घेरा… भीड़ जुटी तो चौथे की बाइक पर बैठकर भागे, CCTV बना सुराग, कॉलोनियों और सरकारी जमीन की शिकायतों से कनेक्शन ने खड़े किए बड़े सवाल,पढ़े खबर

BREAKING NEWS: नागदा में गौतम जैन पर हमला, तीन ने घेरा… भीड़ जुटी तो चौथे की बाइक पर बैठकर भागे, CCTV बना सुराग, कॉलोनियों और सरकारी जमीन की शिकायतों से कनेक्शन ने खड़े किए बड़े सवाल,पढ़े खबर

रिपोर्ट: बबलू यादव 

नागदा। शहर में कॉलोनियों, सरकारी जमीन और जमीन रिकॉर्ड से जुड़े मामलों में शिकायतें उठाने वाले गौतम जैन के साथ सरेराह मारपीट की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार शाम न्यू ओवरब्रिज तिराहे पर तीन अज्ञात लोगों द्वारा जैन को घेरकर मारपीट किए जाने की शिकायत सामने आई है। भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से भाग निकले और बाद में एक अन्य साथी की बाइक पर बैठकर फरार होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में चार संदिग्धों के दुर्गापुरा की ओर जाते दिखाई देने की बात कही जा रही है। बिरलाग्राम पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

❓ सबसे बड़ा सवाल—हमला महज विवाद था या शिकायतों का बदला?

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो रहा है कि क्या गौतम जैन को केवल सड़क विवाद में निशाना बनाया गया या फिर उनकी शिकायतों से जुड़े किसी मामले का इस हमले से संबंध है?

जैन का कहना है कि उन्होंने शहर में नियमों के विपरीत विकसित की गई कॉलोनियों, सरकारी जमीन और जमीन रिकॉर्ड से जुड़े मामलों को लेकर शिकायतें की हैं। इनमें उज्जैन-जावरा टू-लेन सड़क में अधिग्रहित जमीन के खसरा रिकॉर्ड में कथित अनियमितता और सरकारी जमीन पर कॉलोनी विकसित किए जाने जैसे मामले शामिल बताए गए हैं।

जैन के अनुसार इन मामलों से संबंधित शिकायतें कलेक्टर कार्यालय और EOW तक भी पहुंचाई गई हैं।

कोर्ट से लौटे… रास्ते में घेर लिया

जैन के मुताबिक शनिवार को वह कोर्ट परिसर गए थे। शाम करीब 4.30 बजे लौटते समय न्यू ओवरब्रिज तिराहे पर तीन अज्ञात लोग उनके पास पहुंचे और विवाद करने लगे। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। इसके बाद आरोपी वहां से निकल गए और एक अन्य साथी की बाइक पर बैठकर दुर्गापुरा की ओर चले गए।

CCTV फुटेज बना पुलिस के लिए अहम सुराग

घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज को जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। फुटेज में चार संदिग्धों के दुर्गापुरा की ओर जाते दिखाई देने की बात सामने आई है।

अब पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान, घटना से पहले और बाद की गतिविधियों तथा हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

“डराने की कोशिश है तो भी पीछे नहीं हटूंगा”

गौतम जैन ने आशंका जताई है कि उन्हें उनकी शिकायतों के कारण डराने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि यदि हमला उन्हें पीछे हटाने के उद्देश्य से किया गया है, तो वह डरने वाले नहीं हैं और जिन मामलों को लेकर शिकायतें की हैं, उन्हें लेकर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

हालांकि हमले का वास्तविक कारण क्या था और इसका शिकायतों से कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

अब ये सवाल सबसे अहम

सरेराह गौतम जैन को किसने घेरा?

CCTV में नजर आ रहे चारों संदिग्ध कौन हैं?

क्या हमला शिकायतों से जुड़ा था या कोई व्यक्तिगत विवाद था?

अगर शिकायतों से कनेक्शन है, तो किसे जैन की शिकायतों से परेशानी थी?

इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और CCTV फुटेज की पड़ताल पर टिके हैं।