BIG NEWS: CRPF के 87वें स्थापना दिवस पर नीमच ग्रुप सेंटर में रक्तदान शिविर,किया जवानों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान,पढ़े खबर
नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रुप सेंटर CRPF नीमच में समाजसेवा और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस दौरान अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, महिला कर्मियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में रक्तदान किया। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

यह शिविर डीआईजी श्री सुरेन्द्र कुमार के निर्देशन में संयुक्त अस्पताल CRPF नीमच के सहयोग से आयोजित किया गया। इसमें ग्रुप सेंटर, सीटीसी, आरटीसी, रेंज कार्यालय, संयुक्त अस्पताल, प्रथम बटालियन और 4 सिग्नल बटालियन के कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।रक्तदान के प्रति जागरूकता और सेवा भावना का परिचय देते हुए जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। संग्रहित रक्त को चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के उपचार में इसका उपयोग किया जा सके।

इस अवसर पर डीआईजी सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोच्च कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि CRPF देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभाती रही है।

उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह पहल CRPF के आदर्श वाक्य “सेवा और निष्ठा” को साकार करती है।87वें स्थापना दिवस पर आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज के प्रति बल की मानवीय संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।