BIG NEWS: नीमच में फिर गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का जोश! 15 अगस्त को छठी बार निकलेगी भव्य तिरंगा वाहन रैली, हजारों हाथों में लहराएगा तिरंगा, पढ़े खबर
नीमच। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नीमच में राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान की अनूठी परंपरा इस वर्ष भी जारी रहेगी। “हमारा राष्ट्र, हमारा गौरव” के संदेश के साथ तिरंगा उत्सव समिति द्वारा लगातार छठे वर्ष भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। 15 अगस्त को निकलने वाली यह रैली शहर में देशभक्ति का वातावरण बनाने के साथ नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने का संदेश देगी।

सुबह 11:15 बजे लॉयन्स पार्क चौराहे से होगा आगाज
तिरंगा वाहन रैली 15 अगस्त को सुबह 11:15 बजे लॉयन्स पार्क चौराहे से प्रारंभ होगी। हाथों में तिरंगा थामे नागरिक और वाहनों पर शान से लहराते राष्ट्रध्वज रैली की भव्यता बढ़ाएंगे। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और अंत में भारत माता को माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

छह साल में स्वतंत्रता दिवस की पहचान बनी रैली
तिरंगा उत्सव समिति के सदस्य विकास नामदेव, रवि बैरागी, अनुज चौहान एवं राकेश पटवाने ने बताया कि पिछले पांच वर्षों की तरह इस बार भी आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को महज औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना है। लगातार छह वर्षों से आयोजित हो रही तिरंगा वाहन रैली अब नीमच में स्वतंत्रता दिवस के प्रमुख आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।

“तिरंगे के सम्मान में एक कदम राष्ट्र के नाम”
आयोजकों ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। समिति ने नागरिकों से “आओ साथ चलें, तिरंगे के सम्मान में एक कदम राष्ट्र के नाम” के संदेश के साथ राष्ट्रध्वज के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराने का आह्वान किया है।