NEWS: 11 उपवास की कठिन तपस्या पूर्ण कर तपस्वी पायल जैन का निकलेगा भव्य वरघोड़ा, ढोल-ढमाकों के साथ नगर में गूंजेंगे भगवान महावीर के जयकारे, पढ़े खबर
चीताखेड़ा। स्थानीय श्री मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय में चातुर्मास के लिए विराजित साध्वी श्री धृति पूर्णा श्रीजी म.सा. एवं साध्वी श्री अभय पूर्णा श्रीजी म.सा. की पावन निश्रा में जैन समाज की तपस्वी पायल जैन ने 11 उपवास की कठोर तपस्या पूर्ण की है।

तपस्वी पायल जैन जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय श्री रोशनलाल जैन बोहरा की सुपौत्री तथा श्री कैलाश जैन की सुपुत्री हैं। तपस्या के निर्विघ्न पूर्ण होने पर परिवार एवं जैन श्री संघ द्वारा 15 अगस्त 2026, शनिवार को भव्य वरघोड़े का आयोजन किया जाएगा।

वरघोड़ा प्रातः 9 बजे बस स्टैंड स्थित तपस्वी पायल जैन के निज निवास से ढोल-ढमाकों के साथ प्रारंभ होगा। इस दौरान श्रावक-श्राविकाएं भक्ति और उल्लास के साथ शामिल होकर तपस्वी पायल जैन एवं भगवान महावीर के जयकारे लगाएंगे।

वरघोड़ा नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ श्री मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय एवं श्री चंद्रप्रभ स्वामी जिनालय पहुंचेगा। आयोजन में जैन समाज के साथ ही जैन-अजैन महिला एवं पुरुषों के भी बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।

वरघोड़े के पश्चात तपस्वी पायल जैन का पारणा परिवारजनों एवं जैन श्री संघ द्वारा कराया जाएगा। इस अवसर पर परिवार, रिश्तेदारों और समाजजनों द्वारा तपस्वी की कठिन तपस्या की अनुमोदना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी जाएंगी।