BIG NEWS: मनासा में 100 पुलिस जवानों ने अचानक घेरा पूरा डेरा...शुरू की तलाशी तो सामने आईं 6 बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां, इलाके में मचा हड़कंप, वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क की आशंका, पढ़े खबर

BIG NEWS: मनासा में 100 पुलिस जवानों ने अचानक घेरा पूरा डेरा...शुरू की तलाशी तो सामने आईं 6 बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां, इलाके में मचा हड़कंप, वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क की आशंका, पढ़े खबर

मनासा। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच मनासा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हाड़ी पिपल्या स्थित डेरे पर व्यापक दबिश दी। करीब 100 पुलिस जवानों की संयुक्त टीम ने गांव को चारों ओर से घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस को डेरे से 6 बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां मिलीं, जिन्हें तत्काल जब्त कर मनासा थाने लाया गया। इन वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं ये चोरी के वाहन तो नहीं हैं।

थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने डेरे और आसपास के कई स्थानों पर बारीकी से तलाशी ली, जहां बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां बरामद हुईं। फिलहाल प्रत्येक वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिक और पंजीयन संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।

दबिश के दौरान पुलिस को मौके से कच्ची शराब भी मिली, जिसे नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यदि जांच में जब्त वाहन चोरी के पाए जाते हैं, तो वाहन चोरी के संगठित गिरोह से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी जब्त वाहनों को थाने में सुरक्षित रखा गया है और उनके संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

यह कार्रवाई क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस के सख्त अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। एक साथ छह बिना नंबर के वाहनों की बरामदगी से इलाके में हड़कंप मच गया है और अब जांच के बाद कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।