बड़ी खबर: मंदसौर पुलिस का ऑपरेशन सफल,62 किलो 840 ग्राम डोडाचूरा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर दंपती गिरफ्तार, महिलाओं और मासूम बच्चों की आड़ में चल रहा था नशे का खेल, पढ़े खबर
मंदसौर। जिले की अफजलपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 किलो 840 ग्राम डोडाचूरा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.25 लाख रुपये मूल्य का डोडाचूरा जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कमालपुरा फंटा, ग्राम बिलात्री क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से कादु उर्फ राधाबाई (48) एवं आशाराम उर्फ गंभीर (52) निवासी गांधी नगर, भोपाल को गिरफ्तार किया। उनके पास मौजूद विभिन्न थैलों और कट्टों की तलाशी लेने पर 62 किलो 840 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ अफजलपुर थाना में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महिलाओं का समूह बनाकर डोडाचूरा लेने जाते थे और शक से बचने के लिए कई बार दूधमुंहे बच्चों को भी साथ रखते थे। यह गिरोह मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लेकर गुजरात और राजस्थान तक सप्लाई करता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, खरीदारों, सप्लायरों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं अफजलपुर थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।