NEWS: 26 साल बाद जागी आस्था की शक्ति, पिपलियामंडी में गणेश प्रतिमा की भव्य प्राण प्रतिष्ठा, तीन दिवसीय महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पढ़े खबर
पिपलियामंडी। नगर परिषद परिसर में आयोजित तीन दिवसीय श्री गणेश जी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम के तहत पंडित यशवंत जोशी के मार्गदर्शन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, यज्ञ एवं मंत्रोच्चार सम्पन्न कराया गया। अंतिम दिन विशेष हवन और पूर्णाहुति का आयोजन हुआ, जिसमें नगर के जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने विधिवत पूजा कर नगर की सुख-समृद्धि और विकास के लिए मंगलकामनाएं कीं।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा सुनील देवरिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रवीण सेन, उपाध्यक्ष, सभापति, पार्षदगण एवं नगर परिषद स्टाफ उपस्थित रहे।

खास बात यह रही कि यह गणेश प्रतिमा लगभग 26 वर्ष पूर्व तत्कालीन CMO के.के. बॉस द्वारा राजस्थान के रणथम्भौर से लाई गई थी। अब विधिवत प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह प्रतिमा “सिद्धिविनायक गणेश जी” के रूप में पूजित होगी।

यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि नगरवासियों के बीच एकता, विश्वास और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।
