NEWS: “जय परशुराम के जयघोष से गूंजा रामपुरा!” भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह पुष्पवर्षा और जोरदार स्वागत, पढ़े खबर
रिपोर्ट : रुपेश सारु
रामपुरा — नगर में ब्राह्मण समाज के आराध्य देव, भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजजन द्वारा स्थानीय जगदीश मंदिर से सायं 5:00 बजे एक विशाल एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई।

यह चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ कल्याण राव मंदिर, बड़ा बाजार पहुंचा, जहां विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के होनहार एवं श्रेष्ठ बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान नगर में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा शीतल पेय पदार्थों की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का सत्कार किया गया। यात्रा में पुरुष श्वेत वस्त्रों में एवं महिलाएं केसरिया चुनरी धारण कर “जय परशुराम” के जयघोष के साथ पूरे नगर को भक्तिमय बना रहे थे।

इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे, वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समाज के अध्यक्ष श्री अशोक जोशी ने सभी समाजजनों एवं सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त किया।
