BREAKING NEWS: जब नन्हे हाथों ने रंगों से रचा सृजन का जादू, तो कैनवास पर खिल उठीं कल्पनाएं, 100 से अधिक चित्रों की भव्य प्रदर्शनी के साथ कृति का सात दिवसीय चित्रकला प्रशिक्षण शिविर का हुआ भव्य समापन, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: जब नन्हे हाथों ने रंगों से रचा सृजन का जादू, तो कैनवास पर खिल उठीं कल्पनाएं, 100 से अधिक चित्रों की भव्य प्रदर्शनी के साथ कृति का सात दिवसीय चित्रकला प्रशिक्षण शिविर का हुआ भव्य समापन, पढ़े खबर

नीमच। कृति संस्था द्वारा आयोजित सात दिवसीय चित्रकला प्रशिक्षण शिविर का समापन बच्चों की आकर्षक चित्र प्रदर्शनी के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर शिविर में भाग लेने वाले बच्चों ने सात दिनों में सीखी गई कला का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा तैयार किए गए 100 से अधिक चित्रों को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और कला प्रेमियों ने खूब सराहा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अंचल के ख्यात चित्रकार राहुल लोहार ने कहा कि कृति संस्था द्वारा वर्षों से आयोजित चित्रकला गतिविधियों ने अनेक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है। उन्होंने अपने कला जीवन की शुरुआत में कृति संस्था की भूमिका को याद करते हुए कहा कि बरसों बाद संस्था के बीच आकर वे भावुक और अभिभूत हैं।

विशिष्ट अतिथि जिला प्रेस क्लब नीमच के अध्यक्ष श्याम गुर्जर ने कहा कि कृति संस्था बाल प्रतिभाओं को निखारने का सराहनीय कार्य कर रही है। साहित्य, संस्कृति और कला के क्षेत्र में संस्था की सक्रिय भूमिका समाज के लिए प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गायत्री शक्ति पीठ द्वारा संचालित प्रज्ञा माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरिराज सिंह चौहान ने कहा कि कृति संस्था साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने विद्यालय परिसर में शिविर के आयोजन को गौरव का विषय बताया।

संस्था अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि शिविर में 50 बच्चों ने पूरे समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। बच्चों द्वारा सीखी गई कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदर्शनी के रूप में सभी के सामने प्रस्तुत किया गया। उन्होंने आगामी दिनों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करने की भी घोषणा की।

शिविर संयोजक भरत जाजू ने बताया कि शिविर में चित्रकला के साथ-साथ ग्लास पेंटिंग एवं क्ले आर्ट का भी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे बच्चों को कला के विविध आयामों से परिचित होने का अवसर मिला। संस्था के वरिष्ठ सदस्य किशोर जेवरिया ने अतिथियों का परिचय देते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत संस्था पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षक दीपक भट्ट, ज्योतिका अग्रवाल, रचना ओझा एवं अश्मिका को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रशिक्षु बच्चों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अक्षय पुरोहित ने किया। समापन समारोह में संस्था के अनेक सदस्य, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं कला प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।