BIG NEWS: मनासा के परोंत पिपलिया में अचानक मची अफरा तफरी, ज़ब किया राहगीरों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अटेक ,4घायल,तो 3 की हालत बनी गंभीर,ये हुए जिला अस्पताल रेफर, बना क्षेत्र मे दशहत का माहौल,पढ़े खबर
रिपोर्ट : मनीष जोलानिया
मनासा। नगर के भाटखेड़ी नाके के पास स्थित परोंत पिपलिया क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने राहगीरों पर हमला कर दिया। इस घटना में 4 लोग घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पास ही एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। अचानक मधुमक्खियां झुंड बनाकर नीचे आ गईं और आसपास मौजूद लोगों पर डंक मारना शुरू कर दिया। हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

घटना में घायल हुए लोगों में राहुल पिता विष्णु नागदा, कपिल पिता विष्णु नागदा, कौशल्या बाई पति किशोर नागदा और चैतन्य पिता राहुल नागदा, सभी निवासी मनासा शामिल हैं। घायलों को तुरंत मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 3 घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया। एक घायल का उपचार मनासा अस्पताल में ही जारी है।

जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।
